मरुधर हिंद न्यूज (रमेशचंद्र) कोटपुतली-बहरोड़ ज़िले के पुलिस अधीक्षक देवेंद्र कुमार बिश्नोई ने गुरुवार को नीमराना और शाहजहांपुर पुलिस थानों का औचक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने दोनों थानों के पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर क्षेत्र में बढ़ते अपराधों की रोकथाम को लेकर विस्तृत चर्चा की और जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए।

एसपी बिश्नोई ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि यह क्षेत्र हरियाणा सीमा से सटा हुआ है, और वे स्वयं भी हरियाणा क्षेत्र से संबंध रखते हैं, जिससे यहां के क्राइम प्वाइंट्स की अच्छी समझ है। उन्होंने बताया कि हरियाणा और राजस्थान की पुलिस मिलकर सीमा क्षेत्रों में सक्रिय अपराधियों पर संयुक्त कार्रवाई करेगी।

एसपी बिश्नोई ने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य अपराध पर नियंत्रण और आमजन में विश्वास स्थापित करना है। अपराधियों में भय का माहौल बने, इसके लिए पुलिस टीम लगातार रणनीतिक रूप से कार्य कर रही है।

निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शालिनी राज, डीएसपी सचिन शर्मा, नीमराना थाना प्रभारी राजेश कुमार मीणा, शाहजहांपुर थाना प्रभारी मनोहर लाल मीणा सहित अन्य पुलिस अधिकारी भी उपस्थित रहे।
