अलवर: मोहर्रम पर पुलिसकर्मी पर जानलेवा हमला करने वाले 3 शातिर बदमाश गिरफ्तार

  • शिवाजी पार्क पुलिस की त्वरित कार्रवाई, अन्य आरोपियों की तलाश जारी

जयपुर 10 जुलाई। अलवर में मोहर्रम के त्यौहार के दौरान एक पुलिसकर्मी पर जानलेवा हमला करने के आरोप में शिवाजी पार्क थाना पुलिस ने 3 शातिर बदमाशों को बापर्दा गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक संजीव नैन के निर्देश पर हुई।
एसपी नैन ने बताया कि 6 जुलाई को सुबह करीब 10:50 बजे एक पुलिसकर्मी मोहर्रम त्यौहार के चलते कर्बला मैदान शिवाजी पार्क में बैरिकेडिंग लगाने और व्यवस्था संभालने के लिए अपनी गाड़ी से गए थे। दशहरा मैदान के सामने पहुंचने पर उनकी कार के सामने मोहर्रम की भीड़ में से 4-5 लड़के लाठी-डंडे लेकर आए और रास्ता जाम कर दिया। जब पुलिसकर्मी ने यातायात सुचारू करने का प्रयास किया तो उन लड़कों ने उससे कहा “तू होगा पुलिस वाला, तेरी अकड़ अभी निकालते हैं।” इसके बाद वे अपने 20-25 अन्य साथियों के साथ मिलकर पुलिसकर्मी की कार पर लाठी-डंडों से हमला करने लगे और उसके साथ मारपीट भी की।
मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मी भीड़ को चीरते हुए परिवादी की कार तक पहुंचे। इस दौरान डरकर पुलिसकर्मी कार से बाहर निकलकर एक तरफ हुआ तो सभी 20-25 लोगों ने उसका पीछा किया और उस पर लाठी-डंडों से बेरहमी से हमला किया, जिससे उसके सिर और शरीर पर कई गंभीर चोटें आईं। इस घटना के बाद मामला दर्ज कर तुरंत अनुसंधान शुरू किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. तेजपाल सिंह के सुपरविजन और वृत्ताधिकारी उत्तर अंगद शर्मा के निर्देशन और थानाधिकारी शिवाजी पार्क विनोद सामरिया के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने आसूचना संकलन और तकनीकी सहायता का उपयोग करते हुए घटना में शामिल तीन आरोपियों सधिक उर्फ सद्दीक पुत्र तैयब (19) निवासी ठेकेड़ा (जटियाना) थाना विजय मंदिर, मोहम्मद कैफ उर्फ नंदू खान पुत्र असरू मेव (21) और साहिद अली उर्फ बल्ला पुत्र शौकत अली उर्फ राजू (18) निवासी तुलेड़ा थाना सदर जिला अलवर को गिरफ्तार कर लिया है, जिन्हें बापर्दा रखा गया है। अन्य आरोपियों की तलाश अभी भी जारी है।
इस सफल अभियान में एसएचओ विनोद सामरिया सहित सहायक उप निरीक्षक दयाराम, हेड कांस्टेबल रामनिवास कांस्टेबल मूलचंद, रिंकू, महेंद्र कुमार, प्रीतम, थाना शिवाजी पार्क से हेड कांस्टेबल जान मोहम्मद, कांस्टेबल दीन मोहम्मद, विक्रम, नरेंद्र, मुकेश कुमार और साइक्लोन सेल से कांस्टेबल लोकेश शामिल थे।
————-