जयपुर | खोराबीसल थाना

पुलिस थाना खोराबीसल और डीएसटी टीम ने सरना डूंगर फैक्ट्री एरिया में बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली घी बनाने की फैक्ट्री का खुलासा किया है। कार्रवाई में करीब 7500 लीटर नकली घी, कच्चा माल, पैकिंग सामग्री और मशीनें जब्त की गई हैं। मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मुख्य आरोपी फरार है।
पुलिस के अनुसार आरोपी वनस्पति और रिफाइंड सोयाबीन ऑयल में एसेंस मिलाकर नकली घी तैयार करते थे। इस घी को सरस, अमूल, लोटस, कृष्णा और महान जैसी नामी कंपनियों के नाम से 15 किलो, 1 किलो और 500 ग्राम के डिब्बों में पैक कर बाजार में सप्लाई किया जाता था।
फैक्ट्री से 10 पीपे कच्चा माल (डालडा), करीब 6000 रैपर, इलेक्ट्रॉनिक कांटा, प्रिंट मशीन, सीलिंग मशीन, एगमार्क रेप्लिका और नकली घी बनाने की मशीनें जब्त की गई हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे रोजाना करीब 2000 लीटर नकली घी बनाकर फैक्ट्री के अंदर ही वाहन खड़े कर बाजार में सप्लाई करते थे, ताकि किसी को शक न हो।
सरस डेयरी की ओर से शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। कार्रवाई में डीएसटी टीम के कांस्टेबल राकेश कुमार (3879) की अहम भूमिका रही।
पुलिस फरार मुख्य आरोपी की तलाश में जुटी हुई है