जयपुर (दक्षिण) में मोबाइल स्नेचिंग गैंग का भंडाफोड़, 6 शातिर गिरफ्तार

जयपुर (दक्षिण) पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए मोबाइल स्नेचिंग गैंग का खुलासा किया है। जिला विशेष टीम, पुलिस थाना शिवदासपुरा, सांगानेर सदर एवं अशोकनगर की संयुक्त कार्रवाई में मोबाइल स्नेचिंग के 5 मामलों में 6 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपी पूर्व में भी जयपुर शहर एवं जयपुर ग्रामीण के विभिन्न थानों में आपराधिक मामलों में लिप्त रहे हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 43 मोबाइल फोन, वारदात में प्रयुक्त 2 पावर बाइक एवं 8 अन्य मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। जांच में सामने आया है कि यह गैंग जयपुर शहर के अलग-अलग इलाकों में अब तक करीब 20 से 25 मोबाइल स्नेचिंग की वारदातों को अंजाम दे चुका है। आरोपी पावर बाइक से चलते-फिरते राहगीरों से पलक झपकते ही मोबाइल छीनकर फरार हो जाते थे।

इसी अभियान के दौरान डीएसटी टीम ने मानसरोवर इलाके में आर्म्स एक्ट की बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 देसी कट्टे बरामद किए और एक आरोपी इन्द्रेश सैन उर्फ चिन्टू को गिरफ्तार किया।

पुलिस उपायुक्त जयपुर (दक्षिण) श्री राजर्षि राज ने बताया कि जिले में मोबाइल स्नेचिंग की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में “आपका मोबाइल फिर से आपका” अभियान के तहत अब तक करीब 50 लाख रुपये कीमत के 248 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को लौटाए जा चुके हैं।
इसके अलावा वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए गए अभियान में बीएनएसएस की धारा 170 के तहत 63 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है और लगातार तलाश जारी है।
पुलिस थाना शिवदासपुरा में दर्ज मामलों की जांच के दौरान तकनीकी सहायता से आरोपियों को चिन्हित कर गिरफ्तार किया गया। इस कार्रवाई में जिला विशेष टीम, साइबर सेल एवं डीएसटी टीम की अहम भूमिका रही।

जयपुर (दक्षिण) पुलिस की इस कार्रवाई को मोबाइल स्नेचिंग के खिलाफ बड़ी कामयाबी माना जा रहा है, जिससे आमजन में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है।