शाहपुरा थाना पुलिस ने सरकारी स्कूल में आगजनी कर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले का खुलासा करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन विधि से संघर्षरत बाल अपचारियों को निरुद्ध किया गया है।

शाहपुरा पुलिस की बड़ी सफलता

रिपोर्टर जावेद गोरी

पुलिस अधीक्षक जयपुर ग्रामीण श्रीमती राशि डोगरा डूडी आईपीएस ने बताया कि दिनांक 11 दिसंबर 2025 की रात राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रामपुरा में असामाजिक तत्वों ने प्राचार्य कक्ष का ताला तोड़कर ज्वलनशील पदार्थ से आग लगा दी थी। इस आगजनी में प्राचार्य कक्ष में रखा फर्नीचर, टेबल-कुर्सी सहित अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया था। इस संबंध में थाना शाहपुरा पर प्रकरण संख्या 369/2025 दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शाहपुरा श्री रणवीर सिंह एवं वृत्ताधिकारी शाहपुरा श्री मुकेश चौधरी के सुपरविजन में तथा थानाधिकारी श्रीमती रिया चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। जांच में सामने आया कि विद्यालय के कक्षा 12 में पढ़ने वाले चार छात्रों को प्राचार्य द्वारा अनुशासन एवं नियमित उपस्थिति को लेकर टोका गया था, जिससे नाराज होकर इन छात्रों ने वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने आरोपी अमित बुनकर (18 वर्ष 5 माह) को गिरफ्तार कर लिया है तथा तीन नाबालिग बाल अपचारियों को निरुद्ध किया गया है। आरोपियों की निशानदेही पर लोहे का सरिया, ज्वलनशील तेल की बोतल एवं क्षतिग्रस्त ताला बरामद किया गया है। तीनों बाल अपचारियों को बाल संप्रेषण गृह जयपुर भेजा गया है,

जबकि गिरफ्तार अभियुक्त अमित को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
शाहपुरा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से स्कूल में हुई आगजनी की वारदात का सफल खुलासा हो सका है।