प्रताप नगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, वाहन चोर गिरफ्तार

जयपुर, 29 दिसंबर 2025।
पुलिस थाना प्रताप नगर जयपुर पूर्व ने मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए शातिर बदमाश नवीन उर्फ लुक्का और रवि महावर को गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों के कब्जे से कुल 08 चोरी के वाहन (02 स्कूटी व 06 मोटरसाइकिल) बरामद किए गए हैं।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व श्री संजीव नैन आईपीएस ने बताया कि क्षेत्र में लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री आलोक कुमार सिंघल के मार्गदर्शन व सहायक पुलिस आयुक्त सांगानेर श्री हरिशंकर शर्मा के निर्देशन में थानाधिकारी राजेन्द्र शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज व मुखबिर तंत्र की मदद से दोनों वाहन चोरों को ट्रेस कर कृष्णा अपार्टमेंट के पीछे से डिटेन कर गिरफ्तार किया।
पूछताछ में सामने आया कि दोनों अभियुक्त स्मैक पीने के आदी हैं और नशे की पूर्ति के लिए वाहन चोरी करते थे। खराब हो जाने पर वाहन छोड़कर नया वाहन चुरा लेते थे। अभियुक्तों ने प्रताप नगर सहित शिप्रापथ, एस.एम.एस., शिवदासपुरा, मालपुरा गेट, सांगानेर सदर व श्यामनगर क्षेत्रों से वाहन चोरी करना स्वीकार किया है।
मामले में प्रकरण संख्या 658/2025 धारा 303(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई कर अभियुक्तों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है। अनुसंधान जारी है।
इस कार्रवाई में कांस्टेबल गणेश (9958) की विशेष भूमिका रही।