जयपुर। पुलिस थाना श्याम नगर, जयपुर दक्षिण ने दुष्कर्म व ठगी के एक गंभीर मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए आरोपी अतुल सैन उर्फ अशोक शर्मा को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने युवती की जाति छिपाकर स्वयं को ब्राह्मण बताकर उससे नजदीकी बढ़ाई और बाद में डरा-धमकाकर दुष्कर्म किया। साथ ही आरोपी ने पीड़िता से लगभग 4 लाख रुपये कीमत के स्त्रीधन के सोने-चांदी के गहने एवं 42 हजार रुपये नकद भी हड़प लिए।
पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण श्री राजर्षि राज आईपीएस ने बताया कि पीड़िता ने 02 नवंबर 2025 को थाना श्याम नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिवादिया प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए एक लाइब्रेरी में अध्ययन कर रही थी, जहां लाइब्रेरी संचालक अतुल शर्मा उर्फ अशोक शर्मा से संपर्क हुआ। कुछ समय बाद आरोपी ने कॉल व मैसेज कर परेशान करना शुरू किया और झूठे विश्वास में लेकर संबंध बनाने का दबाव बनाने लगा।
लाइब्रेरी छोड़ने के बाद भी आरोपी ने पीड़िता का पीछा करना शुरू कर दिया और उसे व उसकी बेटी को जान से मारने की धमकियां दीं। बदनाम करने की धमकी देकर आरोपी ने पीड़िता से 42 हजार रुपये नकद तथा सोने-चांदी के गहने ले लिए और उसके साथ दुष्कर्म किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण श्री ललित किशोर शर्मा के निर्देशन एवं सहायक पुलिस आयुक्त सोडाला श्री सुनील प्रसाद शर्मा के सुपरविजन में विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस थाना श्याम नगर की टीम ने तकनीकी विश्लेषण व साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को दस्तयाब कर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी अतुल सैन उर्फ अशोक शर्मा (उम्र 32 वर्ष), निवासी सिरसई मोहल्ला, कुम्हैर, भरतपुर हाल किरायेदार सिद्धार्थ नगर, जयपुर से पूछताछ जारी है। पुलिस द्वारा प्रकरण में आगे की जांच की जा रही है।
