जयपुर

जयपुर उत्तर के माणकचौक थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 10 हजार रुपये के इनामी बदमाश मोहम्मद तोहिद को निवाई, जिला टोंक से गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने 10 किलो चांदी के आभूषण व बर्तन भी बरामद किए हैं।
पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर श्री करण शर्मा आईपीएस ने बताया कि 19 नवंबर 2025 को परिवादी विनोद अग्रवाल ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि सिद्धी विनायक कॉम्पलेक्स स्थित गजानंद ज्वैलर्स की दुकान में तीन अज्ञात बदमाशों ने गार्डों के साथ मारपीट कर उन्हें बंधक बनाया और दुकान का शटर व ताले तोड़कर करीब 57 किलो चांदी चोरी कर ले गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर प्रथम श्री नीरज पाठक आरपीएस एवं सहायक पुलिस आयुक्त माणकचौक श्री पीयूष कविया आरपीएस के सुपरविजन में थानाधिकारी श्री राकेश ख्यालिया के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने पहले ही दो आरोपियों हितेश प्रजापत व अकरम को गिरफ्तार कर 38 किलो चांदी बरामद कर ली थी।
घटना में शामिल अन्य दो आरोपियों मोहम्मद तोहिद व अशफाक की गिरफ्तारी नहीं होने पर दोनों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया। इसके बाद गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मोहम्मद तोहिद को निवाई, टोंक से दबोच लिया। फिलहाल आरोपी पुलिस कस्टडी रिमांड पर है, जबकि फरार आरोपी अशफाक की तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद तोहिद एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ टोंक व मालपुरा थानों में लूट, चोरी व गंभीर धाराओं में कई मामले दर्ज हैं।