ऑपरेशन “क्लीन स्वीप” के तहत जयपुर पुलिस की बड़ी कार्यवाही

सी.एस.टी पुलिस आयुक्तालय, जयपुर ने ऑपरेशन “क्लीन स्वीप” के तहत ड्रग्स माफियाओं के खिलाफ पुलिस थाना शिवदासपुरा क्षेत्र में बड़ी सफलता हासिल की है। एक सप्ताह में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ यह चौथी बड़ी कार्यवाही है।
इस कार्रवाई में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्कर राहुल खरे को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 79 ग्राम स्मैक और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है, जिसकी बाजार कीमत करीब चार लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पुलिस से बचने के लिए तस्करी का नया तरीका अपना रहा था। वह स्मैक को सैंडल में सील कर परिवहन करता था और सप्लाई के दौरान गुप्त कोडवर्ड का इस्तेमाल कर मंदिर परिसर में सैंडल की अदला-बदली कर नशा सौंपता था।
पुलिस आयुक्त श्री सचिन मित्तल के मार्गदर्शन में, विशेष पुलिस आयुक्त ऑपरेशन्स श्री राहुल प्रकाश के निर्देशन एवं पुलिस उपायुक्त अपराध श्री अभिजीत सिंह के सुपरविजन में सीएसटी टीम ने सटीक इंटेलिजेंस के आधार पर यह कार्रवाई की। आरोपी के झालावाड़ से जयपुर आने की पुख्ता सूचना पर शिवदासपुरा थाना पुलिस के साथ संयुक्त नाकाबंदी की गई, जहां उसे पकड़ लिया गया।
इस संबंध में थाना शिवदासपुरा में प्रकरण संख्या 07/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट एवं 111(2)(बी) में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है, जिससे तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जयपुर पुलिस ने आमजन से नशे के खिलाफ इस लड़ाई में सहयोग करने की अपील की है और स्पष्ट किया है कि अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।