श्याम नगर थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई

जयपुर दक्षिण के श्याम नगर थाना पुलिस ने गोदाम चोरी व मारपीट के मामले में पिता-पुत्र की साजिश का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि पिता ने अपने ही बेटे के गोदाम में चोरी की वारदात को अंजाम दिया और विरोध करने पर बेटे के साथ मारपीट की।
पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण राजर्षि राज IPS ने बताया कि दिनांक 01 जनवरी 2026 को परिवादी नीरज खण्डेलवाल ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि 31 दिसंबर 2025 को उसके गोदाम से फर्नीचर चोरी किया जा रहा था। मौके पर एक ट्रक में सामान भरा जा रहा था, गोदाम के ताले टूटे हुए थे। पूछताछ करने पर पता चला कि चोरी उसके पिता देवेन्द्र खण्डेलवाल और उनके साथी हरीमोहन के कहने पर की जा रही थी।
परिवादी के अनुसार उसके पिता ने ही उसके साथ लोहे के डंडे से मारपीट की और जान से मारने की कोशिश की। आरोपियों के खिलाफ थाना श्याम नगर में प्रकरण संख्या 03/2026 धारा 115(2), 126(2), 331(3), 307, 3(5) बीएनएस में दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगाले और कुछ ही घंटों में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। चोरी किया गया माल ट्रक सहित जब्त किया गया है, साथ ही घटना में प्रयुक्त एक वैन्यू कार भी जब्त की गई है।
गिरफ्तार आरोपी देवेन्द्र खण्डेलवाल के खिलाफ पूर्व में ड्रग्स, आवश्यक वस्तु अधिनियम व मारपीट के मामले दर्ज हैं, वहीं आरोपी हरीमोहन पहले हत्या के मामले में जेल जा चुका है। दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।