
जयपुर शहर में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन स्वीप” के तहत पुलिस थाना नाहरगढ़ रोड, जयपुर उत्तर को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 4.14 ग्राम स्मैक के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर श्री करण शर्मा आईपीएस ने बताया कि पुलिस आयुक्त जयपुर श्री सचिन मित्तल के निर्देशानुसार शहर में नशे के कारोबार में लिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर द्वितीय श्री बजरंग सिंह के निर्देशन एवं सहायक पुलिस आयुक्त वृत्त कोतवाली श्री राजेन्द्र कुमार के सुपरविजन में थाना नाहरगढ़ रोड पुलिस द्वारा विशेष टीम का गठन किया गया।
थानाधिकारी मुकेश कुमार पु.नि. के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा गश्त, निगरानी एवं सूचना संकलन के दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर इन्द्रपुरी कॉलोनी, ब्रह्मपुरी स्थित एक किराए के मकान पर कार्रवाई की गई। जहां से अभियुक्त अभय गुप्ता के कब्जे से 4.14 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट 1985 के तहत मामला दर्ज किया है। प्रारंभिक पूछताछ में अभियुक्त ने स्मैक अपने जीजा गोपाल गुप्ता से खरीदना बताया है, जिसकी तलाश जारी है। अवैध मादक पदार्थ के स्रोतों को लेकर गहन अनुसंधान किया जा रहा है।
गठित पुलिस टीम में थानाधिकारी मुकेश कुमार सहित गिरधारी लाल, रविन्द्र कुमार एवं विजय कुमार शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और अभियान आगे भी जारी रहेगा।