एसीबी की बड़ी कार्रवाई: जोधपुर डिस्कॉम का तकनीशियन 1.45 लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

जयपुर, 05 जनवरी 2026।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) चूरू ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जोधपुर डिस्कॉम के तकनीशियन विनोद कुमार को 1 लाख 45 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी श्रीडूंगरगढ़ (बीकानेर) स्थित उपखण्ड कार्यालय में तैनात था।
एसीबी महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि आरोपी ने परिवादी से उसके पिता के नाम कृषि विद्युत कनेक्शन में नाम परिवर्तन करने और वीसीआर की राशि कम करवाने की एवज में रिश्वत की मांग की थी। शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी चूरू टीम ने जाल बिछाया और 5 जनवरी को आरोपी को रिश्वत लेते पकड़ लिया। रिश्वत की राशि आरोपी की पेंट की जेब से बरामद की गई।
यह कार्रवाई एसीबी बीकानेर के उप महानिरीक्षक भुवन भूषण यादव के सुपरवीजन में तथा चूरू एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महावीर प्रसाद शर्मा के निर्देशन में की गई। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच जारी है।