नाहरगढ़ थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 24 घंटे में चोरी का खुलासा

जयपुर (उत्तर)। पुलिस थाना नाहरगढ़ रोड ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की वारदात का 24 घंटे में खुलासा कर एक शातिर नकबजन को गिरफ्तार किया है। आरोपी से जयपुर उत्तर क्षेत्र में करीब एक दर्जन नकबजनी व चोरी की वारदातों का खुलासा हुआ है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर (उत्तर) श्री करण शर्मा आईपीएस ने बताया कि 3 जनवरी 2026 को अग्रसेन मार्केट, बारा जी का चौक स्थित दुकान के बाहर रखी ड्राई फ्रूट (खस-खस) की बोरी चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम का गठन किया गया।
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सहायता के आधार पर पुलिस ने 4 जनवरी 2026 को आरोपी सलमान खान उर्फ अजहर हुसैन को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने नशे की लत के चलते चोरी की कई वारदातें करना स्वीकार किया। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी चोरी के करीब एक दर्जन प्रकरण दर्ज हैं और वह सजायाप्ता है।
पुलिस ने चोरी का माल खरीदने वाले व्यापारी सलमान खां उर्फ चमन को भी गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से चोरी की गई 25 किलो खस-खस बरामद की गई है। दोनों आरोपियों से अन्य वारदातों को लेकर गहन पूछताछ जारी है।
इस कार्रवाई में नाहरगढ़ थाना पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।