
जयपुर पुलिस को नशे के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। सी.एस.टी. पुलिस आयुक्तालय, जयपुर द्वारा ऑपरेशन “क्लीन स्वीप” के तहत पुलिस थाना विश्वकर्मा, जयपुर पश्चिम क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्यवाही करते हुए 101 ग्राम एम.डी. (वाणिज्यिक मात्रा) बरामद की गई है, जिसकी अन्तर्राष्ट्रीय बाजार कीमत करीब 12 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने इस मामले में एक ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामदगी आरोपी के कब्जे से 101 ग्राम एम.डी. ड्रग्स और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है। पुलिस के अनुसार इस तस्करी नेटवर्क का मुख्य आरोपी दिपेन्द्र सिंह, निवासी राजपुरा, सीकर है, जो वर्तमान में दुबई में रह रहा है।
पुलिस आयुक्त जयपुर श्री सचिन मित्तल के मार्गदर्शन में तथा विशेष पुलिस आयुक्त (ऑपरेशन्स) श्री राहुल प्रकाश के निर्देशन और पुलिस उपायुक्त अपराध श्री अभिजीत सिंह के सुपरविजन में यह संयुक्त कार्यवाही की गई। सी.एस.टी. टीम ने खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस थाना विश्वकर्मा के साथ मिलकर 8 नंबर टेम्पो स्टैंड, रोड नंबर 17 के पास संदिग्ध को चेक किया, जहां से एम.डी. ड्रग्स बरामद हुई।
इस संबंध में पुलिस थाना विश्वकर्मा, जयपुर पश्चिम में प्रकरण संख्या 09/2026, धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
जयपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशे के खिलाफ इस लड़ाई में सहयोग करें। अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।