चन्दवाजी थाना व साइबर सेल जयपुर ग्रामीण की बड़ी कार्रवाई

जयपुर ग्रामीण पुलिस ने साइबर ठगी के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक शातिर साइबर ठग को गिरफ्तार किया है। पुलिस थाना चन्दवाजी व साइबर सेल टीम ने ऑपरेशन “साइबर शील्ड” के तहत आरोपी राशिद खान को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 02 एंड्रॉइड मोबाइल फोन व 23 हजार रुपये नकद जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी फेसबुक व व्हाट्सएप पर लैपटॉप, कैमरा, बैग आदि के लुभावने विज्ञापन डालकर लोगों को सस्ते दामों का झांसा देता था। वह फर्जी बिल बनाकर प्री-रजिस्ट्रेशन और फास्ट डिलीवरी के नाम पर ऑनलाइन भुगतान करवा लेता था, इसके बाद पीड़ितों के कॉल उठाना बंद कर देता और नंबर ब्लॉक कर देता था।
उप महानिरीक्षक पुलिस एवं सह-पुलिस अधीक्षक जयपुर ग्रामीण श्रीमती राशि डोगरा डूडी आईपीएस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ राजस्थान सहित महाराष्ट्र, मुंबई, गुजरात और मेरठ में कुल 05 साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज पाई गई हैं। आरोपी द्वारा करीब 40 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी करना सामने आया है।
तकनीकी सूचना के आधार पर पुलिस ने कस्बा चन्दवाजी में दबिश देकर आरोपी को पकड़ा। जांच में आरोपी द्वारा Invoice Maker एप के जरिए फर्जी बिल बनाकर ठगी करना पाया गया। आरोपी के पास से कई लोगों के पैन कार्ड व पहचान पत्र भी बरामद किए गए हैं।
फिलहाल आरोपी के खिलाफ बीएनएस व आईटी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर गहन अनुसंधान जारी है। उसके बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और अन्य सहयोगियों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस टीम की इस कार्रवाई से साइबर ठगों में हड़कंप मचा