
जयपुर। पुलिस थाना रामगंज, जयपुर उत्तर ने हत्या के प्रयास के मामले में तीन माह से फरार चल रहे दो वांछित इनामी अपराधियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम अकरम और मो. उजैर हैं, जिन पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
दिनांक 14 अक्टूबर 2025 को परिवादी हसीन खान ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके छोटे भाई दानिश पर उसके ससुराल पक्ष के लोगों ने जानलेवा हमला किया। आरोप है कि चिते वाला के खुर्रा के नीचे गुलाम मस्जिद के पीछे दानिश पर सरिए, बेसबॉल किलिप और धारदार हथियारों से हमला किया गया। इस मामले में पुलिस थाना रामगंज पर प्रकरण संख्या 351/2025 धारा 115(2), 126(2), 109(1), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर करण शर्मा आईपीएस के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त नीरज पाठक आरपीएस के सुपरविजन एवं सहायक पुलिस आयुक्त आदित्य पुनिया के निर्देशन में थानाधिकारी सुभाष चंद यादव के नेतृत्व में टीम ने लगातार प्रयास किए।
तकनीकी और मुखबिर तंत्र के आधार पर पुलिस टीम ने दिनांक 11 जनवरी 2026 को दोनों आरोपियों को जिला करौली से गिरफ्तार किया। आरोपी पुलिस से बचने के लिए महिला के वेश में काले रंग के बुर्के में छिपे हुए थे। गिरफ्तारी के बाद दोनों को जयपुर लाकर प्रकरण में विधिवत गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी:
अकरम पुत्र नोशे खान, उम्र 48 वर्ष, निवासी म.न. 4054, चीते वालों का मोहल्ला, जगन्नाथ शाह का रास्ता, थाना रामगंज, जयपुर।
मो. उजैर पुत्र अकरम, उम्र 19 वर्ष, निवासी म.न. 4054, चीते वालों का मोहल्ला, जगन्नाथ शाह का रास्ता, थाना रामगंज, जयपुर।