जवाहर नगर थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 10 हजार का इनामी नकबजन गिरफ्तार

जयपुर। पुलिस थाना जवाहर नगर, जयपुर पूर्व ने नकबजनी की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए 10 हजार रुपये के वांछित इनामी अपराधी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त इस्लाम उर्फ इस्लाम पुत्र मोहम्मद मासूम, उम्र 42 वर्ष, निवासी मूलचंद कॉलोनी, थाना आदर्श नगर, दिल्ली है, जो आदतन नकबजन व हिस्ट्रीशीटर अपराधी है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व श्री संजीव नैन आईपीएस ने बताया कि शहर में बढ़ती चोरी व नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने तथा वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री आलोक सिंघल एवं सहायक पुलिस आयुक्त सुश्री लक्ष्मी सुधार के सुपरविजन में थानाधिकारी जवाहर नगर श्री महेश चन्द्र गुर्जर के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
वर्ष 2023 से फरार था अभियुक्त
अभियुक्त इस्लाम वर्ष 2023 से फरार चल रहा था तथा पुलिस थाना जवाहर नगर के प्रकरण संख्या 337/2023 एवं पुलिस थाना प्रताप नगर जयपुर पूर्व के प्रकरण संख्या 1226/2023 में वांछित था। उक्त प्रकरण में उसके विरुद्ध 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
नकबजनी की बड़ी वारदात का आरोपी
दिनांक 8 दिसंबर 2023 को जवाहर नगर स्थित एक सरकारी फ्लैट में ताले तोड़कर नकबजनी की गई थी, जिसमें नकद राशि, सोने-चांदी के आभूषण, मोबाइल फोन व अन्य कीमती सामान चोरी किया गया था। इस मामले में पूर्व में चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि इस्लाम फरार था।
दिल्ली से दबोचा गया इनामी अपराधी
लगातार प्रयास व दबिश के बाद पुलिस टीम ने अभियुक्त इस्लाम को दिल्ली से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। आरोपी से पूछताछ जारी है तथा शेष चोरी के माल की बरामदगी की जाएगी।
लंबा आपराधिक रिकॉर्ड
गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध दिल्ली व जयपुर में डकैती, नकबजनी, चोरी, लूट एवं एनडीपीएस एक्ट सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थानाधिकारी श्री महेश चन्द्र गुर्जर, उपनिरीक्षक शिव कुमार, हैड कांस्टेबल राम निवास, कांस्टेबल मुकेश कुमार एवं कांस्टेबल अशोक कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।