मरुधर हिंद न्यूज (रमेशचंद) नीमराना उपखंड क्षेत्र के कुतीना गांव स्थित जति आश्रम के महंत रामकुमार नाथ महाराज का रविवार रात्रि को आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और श्रद्धालुओं में गहरा दुःख व्याप्त है। सरपंच रविंद्र सिंह चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि महाराज जी रविवार रात आश्रम में सत्संग कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें अचानक साइलेंट हार्ट अटैक आया, जिससे उनकी स्थिति गंभीर हो गई। आश्रम में मौजूद शिष्यों और ग्रामीणों ने तत्काल चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनका देवलोक गमन हो चुका था।

महंत रामकुमार नाथ महाराज लंबे समय से क्षेत्र में धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों से जुड़े हुए थे। वे अपने सरल स्वभाव, सेवा भावना और आध्यात्मिक प्रवचनों के लिए श्रद्धालुओं के बीच विशेष सम्मान रखते थे। उनके मार्गदर्शन में आश्रम में नियमित रूप से सत्संग, धार्मिक अनुष्ठान और सामाजिक सेवा कार्य आयोजित होते रहे। निधन की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु, ग्रामीण एवं साधु-संत जति आश्रम पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि महाराज जी ने जीवनभर धर्म, सत्य और सेवा का संदेश दिया और समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान की। उनका आकस्मिक निधन क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है।

प्रशासन एवं पुलिस विभाग को भी घटना की सूचना दे दी गई है। महाराज जी के अंतिम दर्शन के लिए कुतीना, कांकर, खंडोडा आसपास के गाँव के मुख्य मार्गों से शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें श्रद्धालुओं और संत-महात्माओं की भारी भीड़ उमड़ी। लोगों को दर्शन कराकर सोमवार शाम को समाधि बनाकर ब्रह्मलीन किया गया। इस अवसर पर महंत आदित्यनाथ आसलवास, ब्रह्म नाथ हरचंदपुर (सोहना), फूलनाथ महाराज कुड़ी तिबारा मंदिर जाट बहरोड, सेवानाथ महाराज जमालपुर, शरद गिरी महाराज कुतीना, भाजपा पूर्व जिला अध्यक्ष उम्मेद सिंह भाया, पूर्व सैन्य अधिकारी कौशल सिंह चौहान, पूर्व उपनिदेशक आयुष विभाग डॉक्टर जलदीप सिंह पथिक, सरपंच रविंद्र सिंह चौहान, राकेश चौहान, घीलौट पूर्व सरपंच मेहताब सिंह चौहान सहित आसपास के ग्रामीण श्रद्धालु एवं साधु संत उपस्थित रहे।





