MARUDHARHIND NEWS

ऑपरेशन खुलासा” के तहत सेड़वा में नकबजनी का पर्दाफाश: दो आरोपी गिरफ्तार, लाखों के गहने बरामद

जयपुर 06 जून। बाड़मेर जिले की थाना सेड़वा पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन खुलासा” के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। सेड़वा थाना क्षेत्र के सिंहार गांव में हुई एक नकबजनी की वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो शातिर बदमाशों अयूब खान पुत्र अमिर खान निवासी बिसासर थाना धनाऊ व कालू खान उर्फ गुलशेर उर्फ गुलेश पुत्र गुलाम रसूल निवासी सिहार को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चुराए गए लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहने और महत्वपूर्ण कागजात भी बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 4.50 लाख रुपये बताई जा रही है।
एसपी नरेंद्र सिंह मीणा ने बताया कि यह मामला तब प्रकाश में आया जब 2 मई, 2025 को सिंहार गांव निवासी लखमा ने सेड़वा पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि रात के समय अज्ञात चोरों ने उनके घर में घुसकर झोंपे में रखी संदूक से 7 लाख रुपये की एफडी के कागजात, सोने-चांदी के गहने, आधार कार्ड, राशन कार्ड, वोटर आईडी और अन्य कीमती सामान चुरा लिया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी मीना के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जसाराम बोस और वृताधिकारी चौहटन जीवनलाल खत्री के सुपरविजन में एक विशेष टीम का गठन किया गया। सेड़वा थानाधिकारी दीपसिंह के नेतृत्व में इस टीम ने त्वरित कार्रवाई कर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और अपनी आसूचना प्रणाली का उपयोग करते हुए गहन अनुसंधान किया।
अथक प्रयासों के बाद पुलिस ने नकबजनी की इस वारदात को अंजाम देने वाले अयुब खां और कालू उर्फ गुलशेर खां को नामजद कर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों के कब्जे से चुराया गया लगभग 4.50 लाख रुपये का कीमती सामान बरामद किया गया। इसमें एक सोने का तिमणिया, एक सोने की अंगूठी, एक जोड़ी सोने के लुंग, सोने का नाक का कांटा, चांदी की एक जोड़ी हरड़, चांदी की एक जोड़ी झुमर, एक जोड़ी चांदी की कान की बाली, चांदी की एक हांसल और पीड़ित के महत्वपूर्ण कागजात शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपी आदतन अपराधी हैं। अयुब खां एक दर्जे का चोर और नकबजन है, जिसके खिलाफ पहले से ही नकबजनी और चोरी के 9 मामले दर्ज हैं वहीं कालू उर्फ गुलशेर खां के खिलाफ भी मारपीट और चोरी के 2 मामले दर्ज हैं। इस सफल कार्रवाई में सेड़वा थाना की पूरी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
—————-