नवगठित जिले की न्यायिक व्यवस्था को मिलेगा नया नेतृत्व, स्वागत की तैयारियां चरम पर, न्यायालय परिसर में सजी डीजे कोर्ट
कोटपूतली (सीताराम गुप्ता)।



राजस्थान के नवगठित कोटपूतली-बहरोड़ जिले को पहली जिला एवं सत्र न्यायाधीश के रूप में न्यायिक सेवा की वर्ष 2013 बैच की अधिकारी शिवानी सिंह का नेतृत्व मिलने जा रहा है। सोमवार, 14 जुलाई को वे न्यायालय परिसर में औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण करेंगी। उनके आगमन को लेकर न्यायालय परिसर में तैयारियां जोरों पर हैं, जहां जिला अभिभाषक संघ द्वारा भव्य स्वागत समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
राजस्थान सरकार द्वारा बजट सत्र में कोटपूतली-बहरोड़ जिले में जिला एवं सत्र न्यायालय की घोषणा के पश्चात राजस्थान हाईकोर्ट ने यहां डीजे कोर्ट की स्थापना की थी। प्रारंभिक रूप से एडीजे प्रथम डॉ. राजेश कुमार को कार्यवाहक डीजे नियुक्त किया गया था। अब शिवानी सिंह को स्थायी रूप से नियुक्त कर स्थानांतरण आदेश जारी किए गए हैं।
सज-धज कर तैयार हुआ न्यायालय परिसर
जिला जज के स्वागत हेतु न्यायालय परिसर को विशेष रूप से सजाया गया है। रंग-रोगन, साफ-सफाई एवं टीनशेड सहित अन्य कार्य कर परिसर को नया रूप दिया गया है। वर्तमान में शिवानी सिंह एडीजे क्रम 01 के कोर्ट रूम में कार्यभार ग्रहण करेंगी, जिसे अस्थायी रूप से डीजे कोर्ट के रूप में तैयार किया गया है। जिला अभिभाषक संघ के अध्यक्ष एडवोकेट उदयसिंह तंवर ने तैयारियों का जायजा लेकर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि सभी अधिवक्ता पूर्ण ड्रेस कोड में समारोह में भाग लेंगे।
स्थायी भवन के लिए चयनित हुआ पंचायत समिति सामुदायिक केंद्र
जिला न्यायालय के स्थायी संचालन के लिए पंचायत समिति सामुदायिक केंद्र के भवन का चयन कर विधि विभाग को सुपुर्द किया गया है। शीघ्र ही वहां मरम्मत एवं संरचनात्मक कार्यों के बाद न्यायालय स्थानांतरित किया जाएगा।
न्यायिक स्वावलंबन की ओर कोटपूतली-बहरोड़
डीजे कोर्ट की स्थापना से जिले में न केवल न्याय की पहुंच सुलभ होगी, बल्कि महिलाओं, बच्चों, औद्योगिक विवादों, पोक्सो, एससी/एसटी एक्ट व उपभोक्ता मामलों की सुनवाई में भी तेजी आएगी। न्यायिक व्यवस्था में पारदर्शिता और प्रभावशीलता की नई मिसाल कायम होगी।
महिला नेतृत्व की सशक्त प्रतीक बनी शिवानी सिंह
उत्तर प्रदेश के बिजनौर निवासी शिवानी सिंह अपनी निष्पक्षता, अनुशासित कार्यशैली और कुशल निर्णयों के लिए न्यायिक सेवा में पहचान बना चुकी हैं। कोटा, झुंझुनूं, करौली सहित विभिन्न जिलों में सेवाएं दे चुकी सिंह का कार्यकाल 10 वर्षों से अधिक का रहा है। उनकी नियुक्ति से अधिवक्ताओं और आमजन में उत्साह का माहौल है।
कोटपूतली-बहरोड़ में जिला कलक्टर और पुलिस अधीक्षक के बाद अब जिला जज भी महिला अधिकारी बनने से यह जिला महिला नेतृत्व के सशक्त प्रतीक के रूप में उभर रहा है।
न्यायिक व्यवस्था को मिलेगा नया आयाम
शिवानी सिंह के नेतृत्व में जिले की न्यायिक कार्यप्रणाली अधिक संगठित, संवेदनशील और प्रभावी होने की उम्मीद है। लम्बे समय से लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण, अधिवक्ताओं-पक्षकारों को बेहतर सुविधाएं और न्यायालय परिसर का विस्तार भी प्राथमिकताओं में रहेगा।
यह नियुक्ति न केवल जिले की प्रशासनिक मजबूती का संकेत है, बल्कि ग्रामीण अंचल में न्याय के सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम भी है।
REPORT-SEETARAM GUPTA





