सिंधीकेम्प पुलिस की बड़ी कार्रवाई

जयपुर

छोटे संगठित अपराध करने वाली बाबरिया गैंग का पर्दाफाश – चार बदमाश गिरफ्तार

जयपुर। दिनांक 02 सितम्बर 2025
सिंधीकेम्प थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छोटे संगठित अपराध करने वाली बाबरिया गैंग का खुलासा कर चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का माल मशरूका भी बरामद किया है।

पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम श्री हनुमान प्रसाद (IPS) ने बताया कि यह गिरोह परिवार सहित शहर में आकर किराए पर कमरा लेकर ठहरता और फिर वारदात को अंजाम देता था। पीड़ित से नकदी और सोने-चांदी के गहने चोरी कर ले जाते थे। हाल ही में हुई घटना में आरोपियों ने घर से लगभग 1,60,000 रुपये नगद और 4–5 तोले सोने-चांदी के आभूषण चोरी किए थे।

घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम श्री धर्मेन्द्र सिंह और सहायक पुलिस आयुक्त जयपुर पश्चिम श्री निकेत कुमार उपाध्याय के सुपरविजन में थानाधिकारी सिंधीकेम्प सत्यवीर सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई कर गिरोह के चार बदमाशों – बाबूलाल उर्फ ओमकुमार, सुभाष, सुशील कुमार और रामसुखराम को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले भी विभिन्न थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब इनके बाकी साथियों और वारदातों की गहनता से जांच कर रही है।