ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत आमेर पुलिस व सीएसटी टीम की बड़ी कार्रवाई, 20 लाख की 100 ग्राम स्मैक जब्त, 2 सप्लायर गिरफ्तार

जयपुर

जयपुर। पुलिस थाना आमेर जयपुर उत्तर व सीएसटी टीम जयपुर ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नशा तस्करी पर बड़ी सफलता हासिल की है। ऑपरेशन क्लीन स्वीप अभियान के तहत टीम ने करीब 20 लाख रुपए कीमत की 100 ग्राम स्मैक बरामद कर 2 शातिर सप्लायरों को गिरफ्तार किया।

डीसीपी जयपुर उत्तर श्री करन शर्मा ने बताया कि पुलिस आयुक्त महोदय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त उत्तर डॉ. दुर्ग सिंह राजपुरोहित व एसीपी आमेर श्री भोपाल सिंह भाटी की सुपरविजन में विशेष टीम का गठन किया गया। इस दौरान आमेर थानाधिकारी राजेन्द्र कुमार शर्मा व सीएसटी टीम ने कुण्डा चौक पोस्ट क्षेत्र में दबिश देकर दो संदिग्धों चतुर्भुज मीणा (32) व भूरालाल मीणा (43) निवासी झालावाड़ को पकड़ा। तलाशी में दोनों के पास से 50-50 ग्राम स्मैक (कुल 100 ग्राम) बरामद हुई, जिसकी बाजार कीमत लगभग 20 लाख रुपए आंकी गई है।

दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई जारी है। पुलिस आरोपियों से स्मैक की सप्लाई नेटवर्क के बारे में गहन पूछताछ कर रही है।