भट्टाबस्ती थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 09 मासूम बच्चे बालश्रम से मुक्त

जयपुर

जयपुर। पुलिस थाना भट्टाबस्ती जयपुर उत्तर ने बड़ी कार्यवाही करते हुए 09 नाबालिग बच्चों को बालश्रम से मुक्त कराया। आरोपी मासूम बच्चों से लाख की चूड़ियां बनवाने का काम करवा रहा था।

पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर श्री करन शर्मा (IPS) ने बताया कि यह कार्यवाही “उमंग अभियान” के तहत की गई, जो कि बालश्रम, बंधुआ मजदूरी और मानव तस्करी के उन्मूलन एवं पुनर्वास हेतु चलाया जा रहा है।

आरोपी बच्चों को गांव से पढ़ाई और घुमाने के बहाने जयपुर लाता और फिर छोटे अंधेरे व बदबूदार कमरे में सुबह 8 बजे से रात 12 बजे तक लगातार काम करवाता था। बच्चों को माता-पिता से बात करने नहीं दी जाती थी और उन्हें बहुत ही खराब वातावरण में रखा जाता था। इस वजह से कई बच्चे कुपोषण के शिकार भी हो रहे थे।

पुलिस ने बताया कि आरोपी समसुद्दीन की तलाश जारी है। आरोपी अलग-अलग राज्यों से गरीब तबके के बच्चों को बहला-फुसलाकर लाता और यहां बालश्रम करवाता था।

इस प्रकरण में थाना भट्टाबस्ती पुलिस ने प्रकरण संख्या 261/2025 दर्ज कर आरोपी के खिलाफ धारा 143(5), 127(4), 146 BNS 2023, किशोर न्याय अधिनियम 2015, बालश्रम प्रतिषेध अधिनियम 1986, और बंधुआ श्रम पद्धति अधिनियम 1976 के तहत मामला दर्ज किया है।

दस्तयाब बच्चों को बाल संरक्षण गृह में दाखिल कराया गया है।

थानाधिकारी हरिओम के नेतृत्व मैं हुई कार्रवाई