
जयपुर। पुलिस थाना मालवीय नगर की टीम ने बड़ी कार्यवाही करते हुए शातिर वाहन चोर अभिषेक सैनी (26 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी से चोरी की एक मोटरसाइकिल भी बरामद की।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व श्री संजीव नैन (IPS) ने बताया कि जयपुर शहर में बढ़ती वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए सभी थानाधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए थे। इन्हीं निर्देशों के तहत अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री आशाराम चौधरी और एसीपी श्री आदित्य पूनिया के सुपरविजन व थानाधिकारी विजयपाल के नेतृत्व में गठित टीम ने यह सफलता हासिल की।
गौरतलब है कि 23 अगस्त को परिवादी वैभव चौधरी ने अपनी मोटरसाइकिल RJ23MS3827 की चोरी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। इसके बाद पुलिस ने करीब 150 सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिरों से जानकारी जुटाई। गहन तलाश के बाद आरोपी अभिषेक सैनी को 2 सितम्बर को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अपनी रोज़मर्रा की जरूरतें और अय्याशी पूरी करने के लिए सूने खड़े दुपहिया वाहन चोरी कर उन्हें सस्ते दामों में बेच देता था। फिलहाल पुलिस आरोपी से और वारदातों के बारे में पूछताछ कर रही है।