जयपुर

जयपुर। विधायकपुरी थाना पुलिस टीम ने लाखों रुपये के मोबाइल चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए दो नशेड़ियों को गिरफ्तार कर तीन आईफोन बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी नशे की हालत में ट्रैवल्स से आए पार्सल को नीचे उतारते समय मौका पाकर पार्सल से मोबाइल निकाल ले गए थे।
पुलिस उपायुक्त दक्षिण श्री राजर्षिराज IPS ने बताया कि 14 सितंबर को परिवादी योगेश गुरनानी ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि उन्होंने विराट ट्रैवल्स के जरिए हनुमानगढ़ से 11 आईफोन का पार्सल जयपुर मंगवाया था। जब वह पार्सल लेने पहुंचे तो पता चला कि पार्सल गायब है। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना विधायकपुरी में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त दक्षिण श्री ललित किशोर शर्मा RPS और सहायक पुलिस आयुक्त अशोक नगर श्री बालाराम RPS के सुपरविजन में थानाधिकारी बनवारीलाल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मोबाइल नंबर ट्रेस कर आरोपियों तक पहुंच बनाई।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मोहसिन खान उर्फ सालिक (33) निवासी नाहरी का नाका, जयपुर और सादान उर्फ वानिश (23) निवासी व्यास कॉलोनी, शास्त्री नगर, जयपुर को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से तीन आईफोन बरामद हुए।
पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी नशे के आदी हैं और नशे की पूर्ति के लिए चोरी व नकबजनी की वारदातें करते हैं। वे भीड़भाड़ वाले स्थानों पर 15-20 मिनट तक रेकी कर मौका मिलने पर सामान पार्सल चुरा लेते हैं और चोरी का माल राहगीरों को सस्ते दामों पर बेचकर नशे का इंतजाम करते हैं।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों से और भी वारदातों के खुलासे की संभावना है तथा अन्य फरार साथियों की तलाश की जा रही है।