
जयपुर। पुलिस थाना मुरलीपुरा की टीम ने 8 साल से फरार ट्रक लूट के आरोपी व 5,000 रुपये के ईनामी बदमाश इमरान पुत्र जमालुद्दीन निवासी गाय शिकारपुर, थाना तावडू, जिला नूंह (हरियाणा) को गिरफ्तार किया है।
डीसीपी जयपुर पश्चिम श्री हनुमान प्रसाद (आईपीएस) ने बताया कि वर्ष 2017 में परिवादी राजूलाल गुर्जर ने मुरलीपुरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि गुजरात से फरीदाबाद जाते समय उसके ट्रक को रोककर बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया था। बदमाशों ने मारपीट कर ट्रक में भरा प्लास्टिक दाना, नकदी व मोबाइल छीनकर फरार हो गए थे।
इस प्रकरण में पांच अभियुक्त पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके थे, जबकि आरोपी इमरान घटना के बाद से फरार चल रहा था। वह पुलिस की पकड़ से बचने के लिए जयपुर, गुरुग्राम, दिल्ली एनसीआर और गाजियाबाद आदि इलाकों में छिपता रहा तथा किसी भी मोबाइल का इस्तेमाल नहीं करता था।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम द्वारा उस पर ₹5,000 का इनाम घोषित किया गया था। विशेष टीम ने तकनीकी निगरानी, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की मदद से आरोपी को नई दिल्ली आरकेपुरम सेक्टर-8 से गिरफ्तार किया।
थानाधिकारी वीरेन्द्र कुरील के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अभिषेक स्वामी, हेड कांस्टेबल सुभाष चंद, कांस्टेबल मुकेश कुमार व रविशंकर शामिल रहे।
👉 पुलिस अब आरोपी से अन्य सहयोगियों और लूटे गए माल के बारे में गहन पूछताछ कर रही है।