पुलिस थाना कालवाड़ की बड़ी कार्रवाई — शातिर वाहन चोर गिरफ्तार, चोरी की मोटरसाइकिल बरामद

जयपुर

जयपुर। पुलिस थाना कालवाड़, जयपुर पश्चिम की टीम ने वाहन चोरी के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम श्री हनुमान प्रसाद ने बताया कि जिले में बढ़ रही चोरी व नकबजनी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री आलोक सिंघल एवं सहायक पुलिस आयुक्त श्री सुरेन्द्र सिंह राणावत के निर्देशन में, थानाधिकारी कालवाड़ श्री नवरतन धौलिया के नेतृत्व में उपनिरीक्षक श्रवण कुमार, कानि. श्रवण लाल एवं कानि. हीरालाल की टीम गठित की गई।
परिवादी अमन कुमार ने रिपोर्ट दी थी कि उनकी मोटरसाइकिल (नंबर RJ14KF0668) जो उन्होंने 12 अक्टूबर की रात अपने मकान के बाहर खड़ी की थी, सुबह गायब मिली। इस पर थाना कालवाड़ में प्रकरण संख्या 357/2025, धारा 303(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया।
गठित टीम ने गुप्त सूचनाओं, मुखबीर तंत्र व सीसीटीवी फुटेज के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मनीष बावरिया पुत्र गोविन्द बावरिया (उम्र 20 वर्ष), निवासी मोहम्मदपुरा, थाना सौंप, जिला टोंक को 16 अक्टूबर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी स्वीकार की और उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई।
आरोपी को 17 अक्टूबर को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
आरोपी सुनसान इलाकों में खड़ी मोटरसाइकिलों और सुने मकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।

पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ जारी है, जिससे अन्य वारदातों के खुलासे की भी संभावना है।