घरेलू गैस सिलेण्डरों से अवैध रिफलिंग करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

जयपुर, 06 नवम्बर 2025।
जयपुर उत्तर पुलिस एवं जिला रसद विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध एलपीजी गैस रिफलिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो मुल्जिमों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर श्री करण शर्मा ने बताया कि शहर में घरेलू गैस सिलेण्डरों से वाहनों में अवैध गैस रिफलिंग की शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए थाना जालूपुरा पुलिस ने रसद विभाग के सहयोग से छापेमारी की।

कार्यवाही के दौरान आरोपियों मोहम्मद मोहसिन (32) और मोहम्मद ताज (22) दोनों निवासी चांद शाह बाबा की दरगाह के पास, जालूपुरा, को मौके से गिरफ्तार किया गया।

मौके से 21 घरेलू एलपीजी गैस सिलेण्डर, एक इलेक्ट्रॉनिक वेट मशीन, एक इलेक्ट्रॉनिक मोटर मय पाइप, रेगुलेटर व नोजल, तथा तीन ऑटो रिक्शा जब्त किए गए। जब्त किए गए सिलेण्डरों को पंडित गैस सर्विस प्रतिनिधि सुरेश कुमार सैन की सुपुर्दगी में दिया गया।

कार्रवाई श्री बजरंग सिंह, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त उत्तर द्वितीय के निर्देशन में श्री राजेन्द्र कुमार, सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली व श्री हवासिंह मंगवा, थानाधिकारी जालूपुरा के नेतृत्व में की गई।
टीम में श्रीमती माया मीणा, श्री बनवारीलाल (सउनि), श्री झाबरमल (हेडकॉन्स्टेबल), श्री काशीराम, श्री शिवराज एवं श्री सुरेशचंद शामिल थे।

प्रकरण में गहन अनुसंधान जारी है।