
जयपुर, दिनांक 11.11.2025। ए.सी.बी. मुख्यालय के निर्देश पर ए.सी.बी. चौकी नागौर इकाई द्वारा आज कार्यवाही करते हुये श्री रामस्वरूप, सहायक उप निरीक्षक, पुलिस थाना मेड़तासिटी, जिला नागौर को 20,000/- रुपये रिश्वत राशि लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस श्री गोविन्द गुप्ता ने बताया कि ए.सी.बी. चौकी नागौर को एक शिकायत इस आशय की मिली कि परिवादी के विरूद्ध पुलिस थाना मेड़ता सिटी में दर्ज प्रकरण में परिवादी की मदद करने व अन्य परिवार जनों को गिरफ्तार नहीं करने की एवज में 50,000/- रूपये की रिश्वत राशि की मांग कर परेशान किया जा रहा है, जिस पर दिनांक 30.10.2025 को रिश्वत मांग का गोपनीय सत्यापन करवाया गया, जिसमें आरोपी द्वारा 50,000/- रूपये रिश्वत राशि की मांग कर जल्द से जल्द रिश्वत राशि देने हेतु दबाव बनाना पाया गया एवं दिनांक 01.11.2025 को परिवादी के भाई को थाने बुलाकर डरा धमकाकर 30,000 /- रूपये रिश्वत राशि प्राप्त कर, 20,000 रूपये रिश्वत पूर्व में तयशुदा अनुसार देने बाबत् परिवादी के परिचितों के साथ बार बार सुचना भिजवाकर रिश्वत राशि देने हेतु दबाव बनाया गया।
जिस पर श्री महावीर सिंह राणावत, पुलिस अधीक्षक, एसीबी, रेंज अजमेर के सुपरवीजन में ए.सी.बी. चौकी नागौर से श्रीमती कल्पना सोलंकी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, के नेतृत्व में आज मय ट्रेप दल के ट्रेप कार्यवाही करते हुए आरोपी श्री रामस्वरूप, सहायक उप निरीक्षक, पुलिस थाना मेड़तासिटी, जिला नागौर को परिवादी से 20,000/- रूपये (भारतीय चलन मुद्रा) रिश्वत राशि लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।
एसीबी अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस श्रीमती स्मिता श्रीवास्तव के नेतृत्व में आरोपी से पूछताछ तथा अग्रिम कार्यवाही जारी है। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जायेगा।