फुलेरा थाना पुलिस को बड़ी सफलता, राजकार्य में बाधा के मामले का वांछित आरोपी गिरफ्तार


पुलिस थाना फुलेरा, जिला जयपुर ग्रामीण ने राजकार्य में बाधा के दर्ज प्रकरण में वांछित चल रहे आरोपी मूलचन्द्र उर्फ मूल्या बावरिया को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है। आरोपी को नागौर जेल से पुलिस टीम ने आज दिनांक 17.11.2025 को गिरफ्तार कर प्रकरण में तरमीम किया।

पुलिस अधीक्षक जयपुर ग्रामीण श्रीमती राशि डोगरा डूडी, आईपीएस ने बताया कि जिले में वांछित आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में फुलेरा पुलिस द्वारा यह कार्रवाई की गई।

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस पर हमला

पुलिस टीम ने आरोपी मूलचन्द्र को पहले दिनांक 08 नवंबर 2025 को वर्ष 2019 में दर्ज लूट के प्रकरण में जारी गिरफ्तारी वारंट की पालना करते हुए गिरफ्तार किया था।
गिरफ्तारी के दौरान आरोपी की मां पांची देवी, बहन गौरा देवी, बहन प्रेमदेवी और पत्नी मंजू देवी ने पुलिस जाप्ते पर पथराव और लाठी से जानलेवा हमला कर आरोपी को छुड़ाने का प्रयास किया, जिसमें पुलिस कर्मियों को चोटें आई थीं।

हमले के बाद सभी आरोपियों के खिलाफ राजकार्य में बाधा व जानलेवा हमला का अलग प्रकरण दर्ज किया गया था। वारंटी मूलचन्द्र को न्यायालय में पेश कर उपकारागृह सांभरलेक भेजा गया था।

आरोपी पर कई गंभीर मुकदमे दर्ज

गिरफ्तार आरोपी मूलचन्द्र उर्फ मूल्या के खिलाफ लूट, डकैती, चोरी, गैंगरेप, अपहरण सहित कुल 08 मुकदमे दर्ज हैं।
आरोपी और उसका परिवार संगठित गिरोह बनाकर चोरी व लूट की वारदातों में सक्रिय रहता है। आरोपी की मां पांची देवी थाना हाजा की हिस्ट्रीशीटर है, जबकि बहन गौरा देवी पर भी मारपीट व राजकार्य में बाधा के प्रकरण दर्ज हैं।

पुलिस टीम

कार्रवाई फुलेरा थानाधिकारी श्री राजेन्द्र कुमार (पुलिस निरीक्षक) के नेतृत्व में की गई। टीम में सउनि कमलवीर, हैडकांस्टेबल महादेव प्रसाद, कानी हंसराज, रविदत्त, रविकुमार, सरदार सिंह, राजेन्द्र कुमार, महिला कानी पतासी, कानी शंकर, महिला कानी गीता तथा चालक जीवाराम सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।