भट्टाबस्ती थाना जयपुर उत्तर की बड़ी कार्रवाई – 3 नाबालिग बाल श्रमिक मुक्त, आरोपी गिरफ्तार

पुलिस थाना भट्टाबस्ती, जयपुर उत्तर ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 नाबालिग बच्चों को बाल श्रम से मुक्त कराया। ये बच्चे लंबे समय से लाख की चूड़ियां बनाने के काम में जबरदस्ती लगाए जा रहे थे।

जांच में सामने आया कि आरोपी सलेदर पुत्र हीरा रविदास (उम्र 22 वर्ष) नाबालिग बच्चों को गांव से पढ़ाई और घूमाने के बहाने जयपुर लाता था और बाद में इन्हें अंधेरे, हवा रहित और बदबूदार कमरे में सुबह 8 बजे से रात 12 बजे तक काम करवाता था। बच्चों पर शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न किया जाता था और उन्हें माता-पिता से बात भी नहीं करने दी जाती थी। कम खाना मिलने की वजह से बच्चे कुपोषण का शिकार हो रहे थे।

यह कार्रवाई HTSM Interpol अभियान “STORM MAKERS III” के तहत की गई। निर्देश पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर द्वारा दिए गए और टीम का नेतृत्व थानाधिकारी दीपक त्यागी व महेंद्र सिंह उ.नि. ने किया। प्रयास JAC सोसायटी के महेश बंजारा और मानव तस्करी विरोधी इकाई की महिला कांस्टेबल अनिता भी कार्रवाई में शामिल रही।

थाना भट्टाबस्ती में प्रकरण संख्या 334/2025 दर्ज कर आरोपी सलेदर को गिरफ्तार किया गया है। उस पर BNS 2023 की धाराएं, किशोर न्याय अधिनियम 2015, बालश्रम निषेध अधिनियम 1986 व बंधुआ मजदूरी अधिनियम 1976 के तहत कार्रवाई की गई है।

दस्तयाब तीनों नाबालिग बच्चों को बाल कल्याण समिति की सदस्य शांति भटनागर द्वारा संरक्षण में लेकर टाबर बाल बसेरा संरक्षण गृह भेजने के आदेश दिए गए।

पुलिस का कहना है कि आरोपी विभिन्न राज्यों से गरीब परिवारों के बच्चों को बहला-फुसलाकर लाता था और कारखाने में बालश्रम करवाता था। आरोपी से आगे की पूछताछ जारी है।