

राजस्थान पर्यटन विभाग और होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान ने कोटा (हाड़ोती) में आयोजित होने वाले ट्रैवल मार्ट के लिए MOU साइन किया। आगामी 2, 3 व 4 जनवरी को होने वाले इस ट्रैवल मार्ट का उद्देश्य हाड़ोती क्षेत्र के प्रमुख पर्यटन स्थलों को देशभर में प्रमोट करना है। कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से टूर ऑपरेटर भाग लेंगे और उन्हें हाड़ोती के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण भी कराया जाएगा ताकि वे इस क्षेत्र का व्यापक प्रचार-प्रसार कर सकें।
पर्यटन कमिश्नर रुक्मणी रियार ने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन वृद्धि को लेकर लगातार प्रयास कर रही है और आने वाले समय में उदयपुर व जोधपुर के साथ अन्य क्षेत्रों में भी ट्रैवल मार्ट आयोजित किए जाएंगे।
होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के अध्यक्ष हुसैन खान और संभाग अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा व पर्यटन मंत्री दिया कुमारी का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि हाड़ोती क्षेत्र में मौजूद पर्यटन संभावनाओं को देखते हुए फेडरेशन के सुझाव पर इस ट्रैवल मार्ट को मंजूरी मिली है।
फेडरेशन के संरक्षक सुरेंद्र सिंह साहपुरा ने कहा कि यह ट्रैवल मार्ट वाइल्ड लाइफ, वॉटर स्पोर्ट्स, एजुकेशन, धार्मिक, वेडिंग, इवेंट और हेरिटेज टूरिज्म को बढ़ावा देने में मील का पत्थर साबित होगा।
फेडरेशन सचिव रणविजय सिंह ने बताया कि कोटा, बूंदी, बारां और झालावाड़ में मुकंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व, चंबल सफारी, गार्डिया महादेव, सेवन वंडर्स और अन्य कई महत्वपूर्ण स्थल मौजूद हैं, जिनके प्रमोशन से पर्यटन और रोजगार दोनों में बड़ा इजाफा होगा।
कार्यक्रम का आयोजन पर्यटन विभाग की होटल गणगौर में किया गया। इस अवसर पर पर्यटन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, होटल फेडरेशन के पदाधिकारी, विभिन्न संभाग अध्यक्ष और लगभग 150 सदस्य उपस्थित रहे।




