
बूंदी, 26 नवंबर।
बूंदी जिले के केशवरायपाटन थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 24 घंटे के भीतर पाँच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। खाना छीनने के मामूली विवाद से शुरू हुआ झगड़ा उस समय गंभीर रूप ले गया जब आरोपी धारदार हथियार और लोहे के पाइप लेकर लौटे और मैरिज गार्डन के बाहर मौजूद लोगों पर हमला कर दिया। इस घटना में कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए।
एसपी राजेंद्र कुमार मीणा ने बताया कि अग्रवाल मैरिज गार्डन में कार्यक्रम के दौरान फरियादी विष्णु कुमार सैनी के कर्मचारी कमल नेपाली से कुछ युवकों ने खाना छीनने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपी गाली-गलौच करते हुए मारपीट पर उतर आए। मामला शांत होने के बजाय बढ़ गया और आरोपी अपने घर जाकर हथियार लेकर लौटे और ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी मीणा ने तुरंत एक विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश के निर्देश दिए। वृताधिकारी अशोक जोशी के सुपरविजन में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गोपनीय सूचनाओं के आधार पर छापामार कार्रवाई करते हुए पाँच मुख्य आरोपियों—लोकेश (25), विकास उर्फ जामून (27), गोपाल (24), पवन कुमार (25) और रामराज (45)—को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी बेहद लंबा है। विकास उर्फ जामून पर लूट, डकैती और जानलेवा हमला समेत 11 केस दर्ज हैं, जबकि लोकेश पर 6, रामराज पर 4 और गोपाल पर 1 प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है तथा अन्य फरार लोगों की तलाश जारी है।