सिंधीकैम्प पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 7 साल से फरार स्थायी वारंटी मुंबई से गिरफ्तार

जयपुर

जयपुर। सिंधीकैम्प थाना पुलिस ने वांछित एवं भगौड़े अपराधियों के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए 7 साल से 299 सीआरपीसी में फरार स्थायी वारंटी प्रियेश अग्रवाल को मुंबई (महाराष्ट्र) से गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले करीब 15 साल से विभिन्न थानों के पुराने मामलों में फरारी काट रहा था और लगातार पते बदलकर पुलिस से बचता फिर रहा था।

जयपुर पुलिस उपायुक्त पश्चिम हनुमान प्रसाद, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश कुमार गुप्ता और एसीपी सदर धर्मवीर सिंह के निर्देशन में थानाधिकारी माधो सिंह के नेतृत्व में हैडकांस्टेबल रामनिवास व गंगाराम की विशेष टीम मुंबई रवाना की गई थी। टीम ने लगातार पीछा कर आरोपी को जेएनपीटी टाउनशिप, जसई थाना क्षेत्र (नवी मुंबई) से दबोचा।

गिरफ्तार स्थायी वारंटी प्रियेश अग्रवाल (उम्र 40 वर्ष), मूल निवासी मैड, थाना विराटनगर, जयपुर ग्रामीण है। वह जयपुर के शास्त्रीनगर, विधाधर नगर, झोटवाड़ा और अन्य स्थानों पर भी निवास बदलकर रहता था।

  1. थाना शास्त्रीनगर – धारा 143, 341, 323 भादस (स्थायी वारंट)
  2. थाना जालुपुरा – धारा 379 भादस (स्थायी वारंट)
  3. थाना विधाधर नगर – धारा 323, 341, 34 भादस (स्थायी वारंट)
  4. थाना मुरलीपुरा – धारा 420, 406, 467, 468, 471, 392, 323, 341 भादस (स्थायी वारंट)
  5. थाना सिंधीकैम्प – धारा 354(घ), 384 भादस व 67A आईटी एक्ट (स्थायी वारंट)
  6. थाना सिंधीकैम्प – धारा 66 IT Act (299 सीआरपीसी)
    आरोपी कुल 6 मामलों में वांछित चल रहा था। पुलिस टीम ने अथक प्रयासों से उसे गिरफ्तार कर जयपुर लाने की कार्यवाही प्रारंभ कर दी है।