पुलिस थाना मनोहरपुर की बड़ी कार्रवाई – एयू बैंक नकबजनी का खुलासा, 10,000 रुपये का ईनामी आरोपी गिरफ्तार

पुलिस थाना मनोहरपुर ने एयू बैंक छारसा मोड़ में हुई नकबजनी की वारदात का खुलासा करते हुए अंतर्राज्यीय बैंक नकबजन अमित उर्फ टाकन को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर 10,000 रुपये का इनाम घोषित था और उसके खिलाफ राजस्थान, हरियाणा व पंजाब में 15 बैंक नकबजनी के मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बैंक से चोरी की गई ₹2,19,500 नकदी बरामद कर ली है। इससे पहले इस प्रकरण में दो आरोपी अजय उर्फ छोटिया व सचिन उर्फ भोलिया को गिरफ्तार कर चोरी में प्रयुक्त इलेक्ट्रॉनिक कटर मशीन, हैमर व तिजोरी बरामद की जा चुकी है।

अमित उर्फ टाकन अपने साथियों के साथ दिन में ग्रामीण इलाकों के बैंकों की रेकी करता था। ग्राहक बनकर बैंक के अंदर तिजोरी और लॉकिंग सिस्टम की जानकारी जुटाता और रात में शटर तोड़कर तिजोरी उठा ले जाते। सुनसान स्थान पर तिजोरी काटकर नकदी निकालते और तुरंत दूसरे राज्यों में भाग जाते।
थानाधिकारी मनोहरपुर श्री सुरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी विश्लेषण व आसूचना के आधार पर आरोपी को दबोच लिया। आरोपी पर चूरू जिले में स्थित ग्रामीण बैंक में 2 लाख रुपये की नकबजनी सहित कई मामलों में फरार रहने का आरोप है।
पुलिस टीम में हेड कांस्टेबल सेरन्द्र सिंह, कांस्टेबल सुरज्ञान (विशेष भूमिका), कांस्टेबल रमेश आदि शामिल रहे।