
रिपोर्टर जावेद गोरी
शाहपुरा पुलिस ने 30 नवंबर 2025 को तीन युवकों—अभिजीत, पुष्पेंद्र और विकास—के अपहरण, मारपीट व लूट के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन और आरोपियों अमन, राजेश और रोहित को गिरफ्तार किया है। इससे पहले इसी प्रकरण में महाकाल गैंग के तीन अपराधी दीपक उर्फ महाकाल, कुलदीप उर्फ केडी और अनीष को तीन अवैध पिस्टलों व पाँच मैग्जीन सहित गिरफ्तार किया जा चुका है।
1 दिसंबर 2025 को शाहपुरा पुलिस को सूचना मिली कि सफेद कैम्पर गाड़ी में बदमाश तीन युवकों को बंधक बनाकर मारपीट करते हुए शाहपुरा की ओर आ रहे हैं। पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई कर महाकाल गैंग के तीन मुख्य बदमाशों को अवैध हथियार सहित पकड़ लिया तथा वाहन जब्त कर प्रकरण दर्ज किया।
जांच में सामने आया कि 30 नवंबर को बदमाशों ने तीनों युवकों को “ऑन द वे” होटल, राजपुरा से किडनैप कर हरिपुरा-अजीतगढ़ के जंगलों में ले जाकर नग्न कर बेरहमी से मारपीट की थी और वीडियो भी बनाया था।
तकनीकी जांच के बाद तीन और आरोपी गिरफ्तार
विशेष पुलिस टीम ने लगातार सूचना संकलन और तकनीकी विश्लेषण कर तीन और आरोपी—
अमन कुमार सैनी (24) निवासी मानगढ़, अजीतगढ़
राजेश यादव (20) निवासी टोडी, मनोहरपुर
रोहित सैनी (18) निवासी शिवपुरा, टोडी
को गिरफ्तार किया। रोहित के मोबाइल से पीड़ितों को नग्न कर मारपीट का वीडियो भी बरामद किया गया है।
अब तक कुल 6 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं और बाकी फरार बदमाशों की तलाश जारी है।
थानाधिकारी रिया चौधरी (निरीक्षक) के नेतृत्व में एएसआई जयराम, हैड कांस्टेबल जयसिंह, कांस्टेबल मुकेश, रविन्द्र सिंह, सुरेंद्र सिंह, महेश कुमार व जयप्रकाश शामिल रहे।