
जयपुर। क्राइम ब्रांच आयुक्तालय जयपुर की सीएसटी टीम ने ईनामी अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शिवराज गैंग के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में यशवर्धन सिंह उर्फ यश राठौड और रविन्द्र सिंह राठौड शामिल हैं। दोनों पर ₹10-10 हजार का इनाम घोषित था।
पुलिस उपायुक्त (अपराध) श्री अभिजीत सिंह के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री मन लाल मीना के सुपरविजन में सीएसटी टीम ने आसूचना संकलित कर आरोपियों को दस्तयाब किया और पुलिस थाना खोराबीसल जयपुर (पश्चिम) को सुपुर्द किया। इस कार्रवाई में सीएसटी टीम से कानि अजय, धमेन्द्र और विजयपाल की अहम भूमिका रही।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी शिवराज गैंग के सदस्य हैं, जो लोगों को जान से मारने की धमकी देकर अवैध वसूली करते थे। आरोपियों पर जमीनों पर अवैध कब्जा कराने, विवादित भूमि पर आतंक फैलाकर कब्जा छुड़वाने तथा आपराधिक घटनाओं के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर आमजन में भय फैलाने के आरोप हैं।
इस संबंध में थाना खोराबीसल जयपुर (पश्चिम) में प्रकरण संख्या 104/2025 धारा 232(1), 308(2), 351(3), 111(5) बीएनएस-2023 के तहत दर्ज है। पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है।