
पुलिस थाना मनोहरपुर ने रात में जंगला तोड़कर नकबजनी करने वाली गैंग का खुलासा करते हुए शातिर नकबजन रामपाल मोगिया को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने आधा दर्जन से अधिक चोरी व नकबजनी की वारदातें करना कबूल किया है।
पुलिस अधीक्षक जयपुर ग्रामीण श्रीमती राशि डोगरा (आईपीएस) ने बताया कि 17 अक्टूबर 2025 को मनोहरपुर में मकान से सोना-चांदी व करीब 50 हजार रुपये चोरी की रिपोर्ट दर्ज हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए गठित पुलिस टीम ने तकनीकी सहायता व आसूचना के आधार पर आरोपी को गोनेर (जयपुर) से डिटेन कर 11 दिसंबर 2026 को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने मनोहरपुर व शाहपुरा सहित अन्य स्थानों पर वारदातें करना स्वीकार किया है। उसके फरार साथी मुकेश, प्रकाश और राजू उर्फ टाल्डा की तलाश जारी है। फरार आरोपी राजू के खिलाफ विभिन्न जिलों में चोरी व नकबजनी के 21 मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार गैंग दिन में रैकी कर रात में सुनसान जगह पर बाइक खड़ी कर जंगला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देती थी। पुलिस टीम के सराहनीय प्रयास से क्षेत्र में सक्रिय नकबजनी गैंग का पर्दाफाश हुआ है।