दो शातिर नकबजन गिरोह का पर्दाफाश, जयपुर दक्षिण पुलिस की बड़ी कार्रवाई

रिपोर्टर जावेद गोरी

जयपुर दक्षिण जिले में चोरी व नकबजनी की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस थाना सांगानेर सदर, मुहाना एवं डीएसटी की संयुक्त कार्रवाई में दो शातिर नकबजन गिरोहों का पर्दाफाश किया गया है।

पुलिस ने ज्वैलरी जोन सीतापुरा स्थित श्री अरनव ज्वैलरी फैक्ट्री में हुई सोना-चांदी व डायमंड चोरी तथा थाना मुहाना क्षेत्र में हुई नकबजनी की वारदात का खुलासा करते हुए कुल 9 अभियुक्तों (नकबजन व माल खरीददार सहित) को गिरफ्तार किया है।

इस कार्रवाई में पुलिस थाना सांगानेर सदर से करीब 10 लाख रुपये मूल्य का सोना-चांदी, डायमंड, स्टोन व 2.42 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। वहीं थाना मुहाना क्षेत्र से 3.5 लाख रुपये मूल्य के चोरी किए गए जेवरात, 3 मोबाइल फोन तथा चोरी की रकम से खरीदी गई एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) श्री राजर्षि राज, आईपीएस ने बताया कि जिले में चोरी-नकबजनी की रोकथाम के लिए विशेष निर्देश दिए गए थे। इन्हीं निर्देशों की पालना में डीएसटी साउथ व थाना सांगानेर सदर की टीम ने तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र के माध्यम से आरोपियों तक पहुंच बनाई।

पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार अभियुक्त पहले भी चोरी व नकबजनी की वारदातों में शामिल रहे हैं। पुलिस को उम्मीद है कि आरोपियों से आगे पूछताछ में अन्य मामलों का भी खुलासा होगा। पुलिस द्वारा अनुसंधान जारी है।