

- दो दिवसीय सघन अभियान में 20 FIR दर्ज, 53 मोबाइल, 31 सिम कार्ड, 18 एटीएम कार्ड, दो कार इत्यादि जब्त
जयपुर 15 दिसंबर। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार जयपुर रेंज में साइबर अपराधियों के खिलाफ दो दिवसीय एक वृहद ऑपरेशन साइबर वज्र प्रहार 2.0 चलाया गया। महानिरीक्षक पुलिस एच.जी.आर. सुहास के सीधे मार्गदर्शन में, रेंज के सभी 8 जिलों के पुलिस अधीक्षकों को विशेष टीमें गठित करने के निर्देश और पुलिस मुख्यालय और रेंज की साइबर अपराध शाखा से प्राप्त संदिग्ध डाटा का उपयोग कर साइबर अपराधियों की धरपकड़ और कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित करने का आदेश दिया।
आईजी सुहास ने बताया कि यह ऑपरेशन साइबर अपराधियों के नेटवर्क पर एक निर्णायक प्रहार साबित हुआ। जयपुर रेंज के आठों जिलों में कुल 64 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया और साइबर अपराध से संबंधित 20 एफआईआर दर्ज की गईं। पुलिस ने इस दौरान 198 संदिग्ध व्यक्तियों से गहन पूछताछ की। अपराधियों के पास से जब्त सामान में 53 मोबाइल फोन, 31 सिम कार्ड, 18 एटीएम कार्ड, 04 बैंक पासबुक, 02 कारें, 01 वॉईस कन्वर्टर और ₹ 24,800 नकद राशि शामिल है।
8 जिलों में कार्रवाई का विस्तृत ब्यौरा
ऑपरेशन के दौरान प्रत्येक जिले में निम्नलिखित महत्वपूर्ण कार्रवाइयाँ की गईं:
जयपुर ग्रामीण में 17 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया और 03 मुकदमे दर्ज हुए। पुलिस ने 1 कार, 27 मोबाइल फोन, 17 एटीएम कार्ड, 04 बैंक पासबुक और 01 वॉईस कन्वर्टर जब्त किया। 21 संदिग्धों से पूछताछ की गई। अलवर में 07 मुकदमे दर्ज किए गए, जिसके तहत 18 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। 01 स्विफ्ट कार, 13 मोबाइल फोन, 10 सिम कार्ड, 01 एटीएम कार्ड तथा ₹ 24,800 नकद राशि जब्त कर 52 संदिग्धों से पूछताछ हुई।
खैरथल तिजारा मे 05 मुकदमे दर्ज हुए और 10 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान 05 मोबाइल फोन और 09 सिम कार्ड जब्त कर 41 संदिग्धों से पूछताछ की गई। भिवाड़ी में 04 मुकदमे दर्ज कर 05 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। 06 मोबाइल फोन और 08 सिम कार्ड जब्त किए गए, जबकि 19 संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई।
झुंझुनू में 02 मुकदमे दर्ज किए गए और 07 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। 28 संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई। सीकर में 03 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर 27 संदिग्धों से पूछताछ की गई।
दौसा में 01 मुकदमा दर्ज कर 02 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। 02 मोबाइल फोन और 04 सिम कार्ड जब्त कर 05 संदिग्धों से पूछताछ की गई और कोटपूतली-बहरोड़ मे 02 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया और 05 संदिग्धों से पूछताछ की गई।
————-