जयपुर दक्षिण में घरेलू गैस की कालाबाजारी पर बड़ी कार्रवाई, 48 सिलेंडर जब्त

जयपुर दक्षिण में घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और रिहायशी इलाके में अवैध रूप से वाहनों में गैस रिफिलिंग करने वालों के खिलाफ पुलिस और रसद विभाग ने संयुक्त बड़ी कार्रवाई की है।

विशेष अभियान के तहत डीएसटी जयपुर दक्षिण और पुलिस थाना मानसरोवर की टीम ने कार्रवाई करते हुए अवैध गैस रिफिलिंग करते हुए एक आरोपी को डिटेन किया। मौके से 48 घरेलू गैस सिलेंडर, एक मोटर, एक कांटा तथा गैस रिफिलिंग में इस्तेमाल होने वाला अन्य सामान जब्त किया गया।

पुलिस थाना मानसरोवर पर की गई इस कार्रवाई में रसद विभाग की टीम को मौके पर बुलाकर नियमानुसार आगे की कार्रवाई के लिए मामला सुपुर्द किया गया।

पुलिस उपायुक्त जयपुर (दक्षिण) श्री राजर्षि राज, आईपीएस ने बताया कि पुलिस आयुक्तालय को रिहायशी इलाकों में घरेलू गैस सिलेंडरों से अवैध रूप से वाहनों में गैस रिफिलिंग की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों की तस्दीक और प्रभावी कार्रवाई के लिए सभी थानाधिकारियों को निर्देश दिए गए थे।

दिनांक 15.12.2025 को पुलिस टीम को सूचना मिली कि प्लॉट नंबर 15, आश्रम विहार, थाना मानसरोवर क्षेत्र में बड़ी मात्रा में घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध स्टॉक कर गैस रिफिलिंग की जा रही है। सूचना पर टीम ने मौके पर पहुंचकर निगरानी की और कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को 48 गैस सिलेंडरों व रिफिलिंग के सामान सहित पकड़ा। आरोपी के पास सिलेंडरों के भंडारण का कोई लाइसेंस नहीं पाया गया।

आरोपी का नाम-पता:
उदय सिंह पुत्र श्री ईश्वरराम, जाति गुर्जर, उम्र 53 वर्ष, निवासी ग्राम लिलोच, तहसील बांदीकुई, जिला दौसा, हाल निवासी मकान नंबर 15, आश्रम विहार, थाना मानसरोवर, जयपुर।

आरोपी के खिलाफ रसद विभाग द्वारा नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।