
एसीबी चूरू की बड़ी कार्रवाई
जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) राजस्थान ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चूरू जिले में एक राजस्व पटवारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
एसीबी चूरू चौकी की टीम ने तहसील भादरा, जिला हनुमानगढ़ के पटवार मंडल झांसल में तैनात राजस्व पटवारी चरण सिंह को 4,000 रुपये रिश्वत लेते हुए पकड़ा। आरोपी पटवारी ने परिवादी से उसकी व उसकी बहनों की कृषि भूमि का नामांतरण भाई व पिता के नाम दर्ज करने की एवज में रिश्वत की मांग की थी।
परिवादी ने इस संबंध में एसीबी चूरू चौकी में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर कार्रवाई की गई। एसीबी बीकानेर के उप महानिरीक्षक भुवन भूषण यादव के सुपरवीजन में तथा एसीबी चूरू के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महावीर प्रसाद शर्मा के निर्देशन में पुलिस निरीक्षक महेंद्र कुमार के नेतृत्व में ट्रैप टीम का गठन किया गया।
ट्रैप कार्रवाई के दौरान आरोपी पटवारी चरण सिंह ने परिवादी से 4,000 रुपये की रिश्वत ली, जिसे मौके पर उसकी पेंट की जेब से बरामद किया गया। इसके बाद एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है। एसीबी द्वारा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है।