
भरतपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) राजस्थान ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब नेशनल बैंक (PNB) शाखा भुसावर के एग्रीकल्चर मैनेजर भगवत प्रसाद सैनी और उसके रिश्तेदार सोमेन्द्र कुमार सैनी को 1 लाख 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
एसीबी के अनुसार परिवादी ने प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्योग उन्नयन (PMFME) योजना के तहत लोन के लिए आवेदन किया था। लोन पास करने के बदले आरोपी मैनेजर द्वारा 1.50 लाख रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी। शिकायत सत्यापन के बाद एसीबी भरतपुर टीम ने ट्रैप कार्रवाई की।
ट्रैप के दौरान पीएनबी बैंक भुसावर के बाहर रोड पर आरोपियों को परिवादी से 1.50 लाख रुपये लेते पकड़ा गया, जिसमें 20 हजार रुपये असली भारतीय मुद्रा और 1.30 लाख रुपये डमी करेंसी शामिल थी।
एसीबी महानिदेशक श्री गोविन्द गुप्ता ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।