खेत में काम करते समय आकाशीय बिजली की चपेट में आया युवक, हुई मौत


कोटपूतली, 29 जून।

REPORT-SEETARAM GUPTA

कोटपूतली कस्बे के वार्ड नंबर 4 स्थित ढाणी फौजावाली में आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान 26 वर्षीय राहुल सैनी पुत्र रामसिंह सैनी के रूप में हुई है, जो खेत में काम कर रहा था।

कोटपूतली पुलिस के एच एम धर्मपाल खटाना अनुसार, रविवार दोपहर के समय मौसम अचानक बदला और तेज गर्जना के साथ बारिश शुरू हो गई। उसी दौरान राहुल खेत में कार्यरत था, तभी आकाशीय बिजली सीधे उसके ऊपर गिर गई। मौके पर ही वह अचेत हो गया।

परिजन और ग्रामीण तत्काल उसे कोटपूतली के राजकीय अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया । पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपा गया।

इस दुखद घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। परिजन गहरे सदमे में हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।

उल्लेखनीय है कि बारिश के मौसम में खेतों में कार्य करते समय आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं बढ़ जाती हैं, जिससे सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। प्रशासन द्वारा समय-समय पर चेतावनियाँ भी जारी की जा रही है ।