
जयपुर। केन्द्रीय बस स्टैण्ड सिंधी कैंप के नवनिर्मित भवन से एसी की कॉपर पाइप लाइन काटकर चोरी करने के मामले में पुलिस थाना सिंधी कैंप ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो शातिर चोरों सहित चोरी का माल खरीदने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई एसी कॉपर पाइप भी बरामद कर ली है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम श्री हनुमान प्रसाद आईपीएस ने बताया कि रोडवेज कर्मी महेन्द्र कुमार शर्मा द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर थाना सिंधी कैंप में प्रकरण दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री राजेश कुमार गुप्ता एवं सहायक पुलिस आयुक्त श्री धर्मवीर सिंह के सुपरविजन में विशेष टीम का गठन किया गया।
थानाधिकारी श्री माधो सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज एवं आसूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चोरी करने वाले आरोपी मोहित सिंह और निसार मोहम्मद को गिरफ्तार किया। साथ ही चोरी का माल खरीदने वाले मुकसद अली एवं सुलेमान होक को भी गिरफ्तार किया गया।
इस पूरी कार्रवाई में कांस्टेबल सतवीर (9391) की विशेष भूमिका रही,
जिनकी सक्रियता और मेहनत से आरोपियों तक पहुंचने में पुलिस को सफलता मिली।