घातक हथियारों से जानलेवा हमले का इनामी आरोपी सात साल बाद गिरफ्तार


स्टेट क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई — 10 हजार का इनामी राहुल गुर्जर डीग बस स्टैंड से दबोचा

जयपुर, 5 दिसंबर।
स्टेट क्राइम ब्रांच पुलिस मुख्यालय ने सात साल से फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी राहुल गुर्जर को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी राहुल गुर्जर पुत्र देवीराम गुर्जर, निवासी कामां जिला डीग, घातक हथियारों से जानलेवा हमला और लूट के एक गंभीर मामले में लंबे समय से वांछित था।

यह कार्रवाई एएसपी राजेश मलिक के सुपरविजन में तथा एसआई नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में की गई। क्राइम ब्रांच टीम को सूचना मिली थी कि आरोपी राहुल गुर्जर उत्तर प्रदेश के कोसी-छाता क्षेत्र में आयोजित गुर्जर मेले में शामिल होने जा रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने डीग के कामां बस स्टैंड पर घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी को आगे की कार्रवाई हेतु थाना कामां पुलिस के सुपुर्द कर दिया।


2019 में किया था हमला, अवैध हथियारों से फायरिंग – कई लोग घायल

राहुल गुर्जर 13 मार्च 2019 को हुए उस संगीन मामले में फरार चल रहा था, जिसमें पीड़ित रवि ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि आरोपी राहुल और रामवीर ने उसकी पत्नी के साथ रास्ते में अभद्रता की थी।
जब पीड़ित परिवार दोपहर में लौट रहा था, तो विमलकुण्ड के पास आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर उनकी मोटरसाइकिल रोक ली और मारपीट शुरू कर दी।

हमले के दौरान मुख्य आरोपी देवीराम ने जान से मारने की नीयत से कट्टे से फायर किया, जिसमें रवि का भाई बाल-बाल बचा। इस घटना में परिवार के कई सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

इतना ही नहीं, सरकारी अस्पताल के सामने पीड़ितों पर दोबारा हमला किया गया, जिसमें रवि के चाचा चनवा के सिर पर फरसे से वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना के बाद आरोपी मोटरसाइकिल, मोबाइल और 10–12 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए थे।


पुलिस टीम की सक्रियता से मिली सफलता

लगभग सात वर्षों से फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी पुलिस की तकनीक आधारित ट्रैकिंग और सतर्क निगरानी का नतीजा रही।
इस कार्रवाई में एसआई शैलेंद्र कुमार, एएसआई दुष्यंत सिंह, हेड कांस्टेबल शाहिद अली, कांस्टेबल बृजेश कुमार, थाना कामां प्रभारी भरत सिंह, कांस्टेबल अमितअजय का विशेष योगदान रहा।