जयपुर में एरिया डॉमिनेशन अभियान, 442 बदमाश गिरफ्तार

जयपुर में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त श्री सचिन मित्तल के मार्गदर्शन एवं विशेष पुलिस आयुक्त (ऑपरेशन्स) श्री राहुल प्रकाश के निर्देशन में शुक्रवार को एरिया डॉमिनेशन अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (अपराध) श्री अभिजीत सिंह के सुपरविजन में की गई।
अभियान के तहत जयपुर पुलिस के उत्तर, दक्षिण, पूर्व और पश्चिम जिलों में व्यापक स्तर पर धरपकड़ की गई। सभी डीसीपी को वांछित अपराधियों की सूची तैयार कर अलग-अलग टीमें गठित करने के निर्देश दिए गए। इस विशेष ड्राइव में अधिकतम पुलिस बल की तैनाती की गई और वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वयं टीमों को ब्रीफ किया।
एरिया डॉमिनेशन के दौरान कुल 204 टीमों ने 827 स्थानों पर दबिश दी। कार्रवाई में 442 वांछित व असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार किया गया। इसके साथ ही स्थानीय व विशेष अधिनियमों के तहत 84 नए प्रकरण दर्ज कर 91 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने 71 स्थाई वारंटी, उद्घोषित अपराधी व इनामी बदमाश, आर्म्स एक्ट के 4, एनडीपीएस एक्ट के 10 और आबकारी एक्ट के 61 मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार किया। एनडीपीएस एक्ट के तहत 21.65 ग्राम स्मैक तथा आबकारी एक्ट में 544 लीटर अवैध शराब जब्त की गई। वहीं, 196 व्यक्तियों को धारा 170 बीएनएसएस में गिरफ्तार किया गया।
जयपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में अपराधियों पर नियंत्रण और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।