10,000 के इनामी हथियार सप्लायर को बाड़मेर डीएसटी टीम ने दबोचा

  • जिला पुलिस को विशेष अभियान धरकरभर के तहत मिली सफलता, एक साल से फरार था वांछित आरोपी

जयपुर 12 नवंबर। जिला पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष अभियान धरकरभर’ के तहत बाड़मेर पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस थाना गडरारोड़ और डीएसटी की संयुक्त टीम ने जानलेवा हमले के एक प्रकरण में पिछले एक वर्ष से फरार चल रहे ₹10,000 के इनामी आरोपी देराजराम उर्फ देराराम जाट निवासी रावतसर को गिरफ्तार किया है।
एसपी मीना ने बताया कि थाना रिको में दर्ज प्रकरण के अनुसार घटना 24 नवम्बर, 2024 को सिणधरी चौराहा पर हुई थी, जहाँ आपसी रंजिश के चलते स्कॉर्पियो सवार हमलावरों ने थार गाड़ी को टक्कर मारकर और पिस्टल से फायर कर करमेन्द्र जाट को घायल कर दिया था। आरोपी देराजराम उर्फ देराराम पर इस अपराध के मुख्य मुलजिम करनाराम जाट को अवैध पिस्टल उपलब्ध कराने का आरोप था। लम्बे समय से फरार रहने के कारण, इसे टॉप-10 अपराधियों की श्रेणी में शामिल किया गया था।
आरोपी देराजराम की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने ₹10,000 का इनाम घोषित किया था। थानाधिकारी गडरारोड़ छेलसिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गहन अनुसंधान कर रही थी। इस कार्रवाई में डीएसटी की विशेष भूमिका रही। टीम ने तकनीकी साधनों और आसूचना के आधार पर फरार अपराधी की लगातार निगरानी की।
टीम को जैसे ही मुलजिम के रावतसर में आने की पुख्ता सूचना मिली, त्वरित कार्रवाई करते हुए दस्तयाब कर लिया। आरोपी देराजराम का पूर्व में भी अपहरण का एक प्रकरण दर्ज है। इस गिरफ्तारी में हेड कांस्टेबल प्रेमाराम, कांस्टेबल नखतसिंह, नीम्बिंसह सहित डीएसटी टीम के सदस्यों और गडरारोड़ पुलिस टीम का विशेष योगदान रहा।
————-