
सिरोही। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेवदर, जिला सिरोही के ब्लॉक मुख्य चिकित्साधिकारी (बीसीएमओ) डॉ. लोन्ग मोहम्मद को 50,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर एसीबी चित्तौड़गढ़ टीम द्वारा की गई।
एसीबी महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि आरोपी बीसीएमओ द्वारा परिवादी के मण्डार स्थित क्लिनिक को चेक नहीं करने और केस दर्ज नहीं करने की एवज में 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी। शिकायत के सत्यापन के बाद ट्रैप की योजना बनाई गई।
उप महानिरीक्षक डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन और उप अधीक्षक हरिश्चन्द्र सिंह के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई के दौरान आरोपी को 50 हजार रुपये लेते हुए पकड़ा गया। इसमें 20 हजार रुपये असली भारतीय मुद्रा और 30 हजार रुपये डमी नोट शामिल थे।
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव के निर्देशन में आरोपी से पूछताछ जारी है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।