एसीबी की बड़ी कार्रवाई: अजमेर में ASI 28 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

रिपोर्टर जावेद गोरी

जयपुर, 14 जनवरी 2026।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) राजस्थान ने अजमेर में बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना सिविल लाइन, जिला अजमेर में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक (ASI) हरीराम यादव को 28 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर एसीबी (एसयू) अजमेर इकाई ने यह ट्रैप कार्रवाई की। आरोपी ASI हरीराम यादव पर परिवादी द्वारा दर्ज प्रकरण में चालान पेश करने की एवज में रिश्वत मांगने का आरोप था। शिकायत के अनुसार आरोपी ने कुल 70 हजार रुपये रिश्वत लेना तय किया था, जिसमें से आज 20 हजार रुपये असली भारतीय मुद्रा और 8 हजार रुपये डमी नोट लेते समय उसे गिरफ्तार किया गया।
महानिदेशक पुलिस, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो श्री गोविन्द गुप्ता ने बताया कि शिकायत का सत्यापन होने के बाद ट्रैप की योजना बनाई गई। यह कार्रवाई उप महानिरीक्षक पुलिस श्री आनन्द शर्मा के सुपरवीजन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वन्दना भाटी के निर्देशन में की गई। ट्रैप टीम का नेतृत्व निरीक्षक मीरा बेनीवाल ने किया।
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस श्रीमती स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक श्री राजेश सिंह के सुपरवीजन में आरोपी से पूछताछ जारी है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।